शाहजहांपुर में सोमवार और मंगलवार को मनाया गया दीपावली का त्यौहार

दोनों दिन साज सज्जा के साथ जमकर छुड़ाये गये पटाखे
शाहजहांपुर। दीपावली सोमवार को और देहात क्षेत्रों में कई जगह मंगलवार को अलग-अलग हिस्सों में दो दिन मनाई गई इस दौरान रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा जिला नहा गया। शुभ मुहूर्त में पूजन के बाद पटाखे जलाई गए और एक-दूसरे को बधाई दी गईं
शाम में लक्ष्मी जी को प्रसन्न करने के लिए घी के दीपक जलाकर रंगोली बनाई गई। शुभ मुहूर्त में घरों और प्रतिष्ठान में पूजा अर्चना की गई। शाम होते ही घर दीपकों और बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से जगमगा उठा। महिलाओं व पुरुषाें ने नए परिधान धारण कर दीपक जलाए। इस बीच फुलझड़ी, राकेट, अनार, फिरकी चलाकर आनंद लिया गया।
आसमान में रोशनी और आवाज करने वाले पटाखे ज्यादा जलाए गए। प्रदेश सरकार में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सोमवार को राजभवन स्थित आवास पर परिवार के लोगों के साथ पूजन किया। उन्होंने लोगों से मुलाकात भी की।
झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले बच्चों के साथ मनाई दीपावली
शाहजहांपुर। मानवता वेलफेयर सोसायटी की ओर से सोमवार को शहर के विभिन्न झुग्गी-झोंपड़ी क्षेत्रों में निवास करने वाले बच्चों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया गया। संस्था के सदस्यों ने बूचडी, पुवायां रोड किनारे झोंपड़ियों में जाकर बच्चों को मिठाई, दीये, मोमबत्ती और दीपावली की अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। संस्था के संस्थापक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि सोसायटी के सदस्य पिछले पांच वर्षों से हर त्योहार झुग्गी-बस्तियों के जरूरतमंदों के साथ मनाते आ रहे हैं। नीरा श्रीवास्तव, दिव्यांशी मिश्रा, ईशा, शगुन सक्सेना, प्रेम, आकाश कुमार उपस्थित रहे।
अयोध्या की तर्ज पर जिला कारागार में मनाया गया भव्य दीपोत्सव
जिला कारागार में दीपावली पर अयोध्या जी की तर्ज पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभी बंदियों की टीमें बनाकर साज-सज्जा प्रतियोगिता की गई। अधिकारियों ने सजावट की सराहना की है। अयोध्या के भव्य दीपोत्सव से प्रेरित होकर कारागार को मिनी अयोध्या का रूप देने के उद्देश्य से संपूर्ण कारागार परिसर को 10,000 दीयों व 2,000 मोमबत्तियों से विभिन्न आकृतियों में- विशाल राम मंदिर, शुभ दीपावली, ओम, महिला सशक्तीकरण, स्वच्छ भारत, नशा मुक्ति व अन्य सुंदर रंगोली बनाकर दीपों से सजाया गया।
इस बीच साज-सज्जा प्रतियोगिता के लिए नौ टीमें बनाईं गईं। मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन डीपीएस राठौर, एडीएम अरविंद कुमार ने साज-सज्जा का निरीक्षण किया। समाजसेवी हरिसरन वाजपेयी व सीमा वाजपेई ने भ्रमण कर पुरस्कार के लिए चयन किया। जेल अधीक्षक मिजाजी लाल ने बताया कि बुधवार को अभिनेता राजपाल यादव विजेता टीमों को पुरस्कृत करेंगे।
बाल सुधार गृह में बच्चों के साथ मनाई दीपावली
शाहजहांपुर। इस वर्ष भी दीपावली पर आदर्श दिव्यांग कल्याण संस्थान की ओर से नवादा स्थित राजकीय बाल सुधार गृह में भावनात्मक और प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति की ओर से बच्चों को मिठाई, फल, खील, खिलौने, दीपक, मोमबत्ती, फुलझड़ी और पटाखे वितरित किए गए। मिठाई और उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल गए। समिति के मुख्य संरक्षक हरिशरण बाजपेई, डॉ. विजय पाठक और प्रदेश सचिव नीरज बाजपेई आदि शामिल रहे।
बच्चों को मिठाई, आतिशबाजी देकर मनाई दीपावली
मीरानपुर कटरा। सोमवार को पूर्व चेयरमैन सुरेन्द्र प्रकाश गुप्ता, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष सत्यपाल, डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सर्वेश गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल आदि ने कस्बे में भ्रमण कर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों से संपर्क साधा। इन सभी ने बच्चों को मिठाई और पटाखे बांटकर उन्हें त्योहार की बधाई दी।
Rural India News Online News Portal